Saturday, November 25, 2006

ना तुझसे कहते दर्द कहाँ होता है

तन्हा जब भी कोई यहाँ होता है
सूनी सड़कें सूना जहाँ होता है

बात भी कर ले और चुप भी रहे
ऐसा हुनर सब मे कहाँ होता है

अपने मुज़रिम से भी हँस के मिले
तुझ जैसा भी कोई यहाँ होता है

आँख किसी हसीं से जब भी मिले
ज़ख़्म दिल का मेरे रवाँ होता है

देखी होती सीरत "आशिक़" हमने
ना तुझसे कहते दर्द कहाँ होता है

Thursday, November 23, 2006

निंदिया री...

निंदिया री तू काहे ना आए
ये नैना मेरे बुलाएँ तुझे
बावारी रैना भी है ढूँढे तुझे
निंदिया री तू काहे ना आए

मुलाक़ात है आज ख्वाब मे
सोया है वहाँ कोई बैठे बैठे
इंतज़ार उसका काहे तू बढ़ाए
निंदिया री काहे ना तू आए

यार मेरा मुझसे नाराज़ होगा
ज़रा देख होने वाली है सहर
आ भी जा तू काहे यूँ सताए
निंदिया री तू काहे ना आए

Sunday, November 19, 2006

An attempt with humor :)

बाप का इस्तिहार
पत्नी का प्यार
आप सभी ने पढ़ ही लिया होगा
बाप ने डण्डा मारा
पत्नी ने ताना मारा
आप ही बताइए भागता नहीं
तो कहाँ जाता ये कवि बेचारा

[बाप के नाम]
मै तो नाम का कवि हूँ
क्या कहूँ अपने ही बाप की छवि हूँ
बीस साल मे चार सौ बीस कविताएँ सुनाई
डण्डा दिखा के डराया जब मेरी बारी आई
ए मेरे जन्मदाता तूने जो सिखाया
उसे दुनिया को दिखाता हूँ
मै कविताएँ सुनता हूँ तो क्या
कम से कम चाय तो पिलाता हूँ
फिर भी कहते हो कवि से बच के रहिए
इसकी कविताएँ ना सुनिए

[पत्नी के नाम]
मेरे बच्चों को
मेरी कविताओं से डराती है
पेहले मै था
अब मेरी कविताओं को
घर के बाहर सुलाती है
moneyorder लिखते लिखते
ख़तम हो गयी कलम की स्याही
फिर भी ए सत्यनाशी
अपने ही बच्चों के बाप पे
ए मेरे प्रानो की प्यासी
तुझे रत्ती भर दया ना आई

आपका अपना
कवि

Saturday, November 18, 2006

माँ

पहाड़ों पे चलता हुआ
एक बादल का टुकड़ा
मेरी तरह किसी को ढूंढता हुआ
एक बादल का टुकड़ा

मेरी ही तरफ़ आता हुआ
वोह बादल का टुकड़ा
मुझसे ही मिलने की कोशिश
वोह कर रहा था

शायद मेरे गाँव से चलकर
वोह मिलने आ रहा था
मुझे देखते ही ख़ुशी से
वोह दौड़ने लगा

पानी से उसका सारा बदन
भीग रहा था
लगता था जैसे पूरे रास्ते
दौड़ रहा था

मुझसे मिलते ही मुझसे मेरा
हाल पूछने लगा
मैने पूछा क्यों मिलने की
कोशिश कर रहा था

बोला तेरी माँ ने तुझसे
मिलने मुझे भेजा है
बेटे को मेरे अपने साथ लाना
ऐसा ही कहा है

उस बादल के टुकड़े मे मुझे
माँ का चेहरा नज़र आ रहा था
धीरे धीरे मै चलने लगा
उस बदल के टुकड़े के पीछे

धीरे से पानी की एक बूँद
चेहरे पे मेरे गिरी
आँखें खोली तो देखा
माँ प्यार से मुझे देख रही है

कैसे बताऊं...

दिल बैठा एक कोने मे
मुझसे नाराज़ था
क्यूं जाने दिया उसे
इसका जो हमराज़ था
कैसे तुझे बताऊं
ए दिल-ए-नादान
जहाँ मै हूँ बिका
उसका ही बाज़ार था

निगाहें बैठीं एक कोने मे
मुझसे नाराज़ थी
क्यूं जाने दिया उन्हें
इनकी जो राज़दार थी
कैसे तुम्छें बताऊं
ए रोती निगाहों
जहाँ मै हूँ रोया
उसका ही नशात था

क़दम बैठे एक कोने मे
मुझसे नाराज़ थे
क्यूं जाने दिया उनको
इनके जो सफ़र-ए-यार थे
कैसे तुम्छें बताऊं
ए थमे क़दमों
जहाँ मै हूँ थमा
उसका ही आगाज़ था

ज़िंदगी बैठी एक कोने मे
मुझसे नाराज़ थी
क्यूं जाने दिया उसे
इसकी जो हम - नवाज़ थी
कैसे तुझे बताऊं
ए बिखरी ज़िंदगी
जहाँ मै हूँ बिखरा
उसका ही ख्वाब था

ए मेरे यार...

राज़ की है बात ये तुम ना किसी को बताना
लोग पागल समझेंगे ना किसी को सुनाना

होगा यूँ घर मे अक्सर गैरों का आना जाना
मेरी तस्वीर तुम दीवार पर ना लगाना

बैठेंगे यार जब भी तो उठेगा वही अफ़साना
गुज़रेगी रात बातों मे बातों को भूल जाना

कोई पूछे कभी तुझसे कौन है तेरा दीवाना
खुल के लेना मेरा नाम यार तू ना शरमाना

ज़माने का क्या है चाहे वो सबको आज़माना
गर पूछे कभी तो ख़ासियत मेरी ना बताना

बिटिया

आँखों मे सितारे होंगे रातों मे उजाले होंगे
बाहों मे पहले पहल जब आएगी तू

बाहों के सिरहाने होंगे मौसम भी सुहाने होंगे
बंधन मे पहले पहल जब बाँधेगी तू

ख़ुशियों के तराने होंगे हँसने के बहाने होंगे
आँगन मे पहले पहल जब चलेगी तू

तारे भी बाराती होंगे सपने तेरे साथी होंगे
दुल्हन का लाल जोड़ा जब पहनेगी तू

साजन तेरे घर आए होंगे अपने तेरे पराए होंगे
डोली मे मेरी बेटी जब जाएगी तू

Tuesday, November 14, 2006

आलिंगन

कुटिल कल्पना मे जीवन की
सत्य से छुपता रहा
आलिंगन सत्य का
वस्त्र सफ़ेद डाल करता हूँ

विजय कामना मे विश्व की
कठोर अग्नि पे जलता रहा
आलिंगन कोमलता का
मृत्यु-शैया पे जल करता हूँ

स्वप्न निंद्रा मे आशाओं की
व्यतीत जीवन करता रहा
आलिंगन मृत्यु का
यथार्थ भूमि पे करता हूँ

मेरी प्रेयसी

सकुचाई सी शरमाई सी
अनजाने मे मुस्काई भी
मेरी प्रेयसी

मेनका भी सावित्री भी
हृदय मे समाई सी
मेरी प्रेयसी

कल्पना सी स्वप्न सी
दृष्टि मे अदृश्य भी
मेरी प्रेयसी

कठोर भी कोमल भी
जीवन मे प्रेरणा सी
मेरी प्रेयसी